बिलासपुर। बिलासपुर के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहा एक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक अन्य श्रमिक के फैक्ट्री परिसर में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे प्रशासन और परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लकड़ी के फर्नीचर निर्माण के साथ-साथ पॉलिश और फिनिशिंग का काम किया जाता है। इन कार्यों में ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग होता है। फैक्ट्री परिसर में लकड़ी पॉलिश और अन्य प्रक्रियाओं में इस्तेमाल होने वाले तारपीन तेल को संग्रहित करने के लिए एक बड़ा टैंकर बनाया गया था। मंगलवार दोपहर अचानक इस टैंकर से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया।

कुछ ही पलों में टैंकर में आग भड़क उठी, जिसने आसपास रखे ज्वलनशील सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मजदूर और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान एक श्रमिक आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। सहकर्मियों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक, श्रमिक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में रखा गया है। वहीं, एक अन्य श्रमिक अभिजीत सूर्यवंशी के आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर होने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद उसके फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें और घना काला धुआं इतना तेज था कि दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आसपास स्थित अन्य औद्योगिक इकाइयों में भी दहशत का माहौल बन गया। आग की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल वाहनों को मौके पर लगाया और लगातार पानी व फोम का छिड़काव शुरू किया।

दमकल कर्मियों के लिए आग पर काबू पाना आसान नहीं था, क्योंकि फैक्ट्री में लकड़ी, पॉलिश, केमिकल और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी। आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। एहतियातन फैक्ट्री परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया गया और आसपास के इलाके को भी सतर्क कर दिया गया, ताकि आग फैलकर अन्य फैक्ट्रियों या रिहायशी क्षेत्रों तक न पहुंचे। प्रशासन की ओर से मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता आग पर काबू पाने और किसी भी संभावित जनहानि को रोकने की है। साथ ही, फंसे होने की आशंका वाले श्रमिक की तलाश के लिए भी विशेष सावधानी के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आग और धुएं की वजह से अंदर प्रवेश करना जोखिम भरा होने के कारण दमकल कर्मी पूरी सुरक्षा के साथ कार्रवाई कर रहे हैं।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *