कोरबा। नेहरू शताब्दी अस्पताल (एनसीएच) गेवरा के चिकित्सक डॉक्टर अर्पण विश्वास पर रविवार को जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब डॉक्टर और उनकी टीम ग्राम रलिया में आयोजित एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से वापस लौट रहे थे। घटना के बाद दीपका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। रविवार को रलिया गांव में सीएसआर के तहत एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था।

इसी बीच गांव का ही रामनारायण पटेल इलाज के लिए पहुंचा। डॉक्टर ने उसे लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करने को कहा, जिस पर वह भड़क गया और डॉक्टर को देख लेने की धमकी दी। आरोप है कि शाम को जब शिविर संपन्न हुआ और डॉक्टर अर्पण विश्वास अपनी टीम और एम्बुलेंस कर्मियों के साथ वापस लौट रहे थे, तभी रामनारायण पटेल, नीरज पटेल और उनके दो अन्य साथियों ने उनका रास्ता रोक लिया।

युवकों ने डॉक्टर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लात-घूंसों से उन पर हमला कर दिया। इस हिंसक मारपीट और धक्का-मुक्की में डॉक्टर की आंख, सीने और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के दौरान स्टाफ ने किसी तरह बीच-बचाव किया और डॉक्टर को सुरक्षित निकाल कर दीपका थाने पहुंचे। दीपका पुलिस ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए आरोपी रामनारायण पटेल, नीरज पटेल और अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *