बालोद। पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर-जिला स्तर पर सक्रिय एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह ऑटो के माध्यम से गांवों और कस्बों में पहुंचकर सूने मकानों को निशाना बनाता था। आरोपियों के पास से चोरी के सोने-चांदी के गहने और नगदी सहित करीब 3 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

मामला 26 दिसंबर की रात का है, जब गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ओटेबंद गांव में एक बंद मकान से चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब मकान मालिक घर लौटा, तो चोरी का पता चला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही गुंडरदेही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में घटना की रात एक संदिग्ध ऑटो गांव के आसपास घूमते हुए नजर आया। इसी अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने ऑटो की पहचान कर उसकी लोकेशन ट्रैक की।

लगातार तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को पता चला कि संदिग्ध ऑटो भिलाई क्षेत्र में सक्रिय है। इसके बाद बालोद पुलिस की एक विशेष टीम भिलाई रवाना की गई, जहां से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों का तरीका बेहद शातिर था। वे पहले ताला-चाबी बनाने वाले या सब्जी विक्रेता बनकर गांवों और मोहल्लों में घूमते थे। इस दौरान वे घरों की रेकी करते, यह पता लगाते कि कौन-सा मकान लंबे समय से बंद है या किस घर में लोग बाहर गए हुए हैं। जैसे ही उन्हें सूना मकान मिलता, वे आधी रात को ऑटो से पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम देते और मौके से फरार हो जाते।

आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के गहने और नगदी, साथ ही चोरी में प्रयुक्त ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उनके द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *