राजनांदगांव , यातायात माह के तहत अच्छी पहल की गई है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय राजनांदगांव और यातायात विभाग राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्मकुमारीज के लालबाग स्थित वरदान भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। ब्रह्माकुमारी पुष्पा बहन ने श्रोताओं को संबोधित करते कहा आज भारत में सड़क हादसों में बहुत से लोगों की मौतें हो रही है जो चिंता का विषय है। यदि यात्री यातायात के नियमों का पालन करते वाहन चलाएं तो सड़क दुर्घटना में कमी लाई जा सकती है।
इससे ज्यादा जरूरी है कि यात्रा के दौरान अपने मन को पूर्णतः एकाग्र कर वाहन चलाए। जब हम घर से निकलते समय जल्दबाजी करते हैं, घर में किसी से बहस करके निकलते हैं या किसी अन्य कारण से मूड ऑफ करके निकलते हैं तो दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है। उस वक्त हमारा मन विचलित रहता है एकाग्र नहीं रहता। इसलिए जरूरी है कि घर से निकलते समय हमें लगभग 3 मिनट आराम से बैठकर परमात्मा का ध्यान कर मन को एकाग्र करें। फिर सकारात्मक विचारों के साथ घर से निकलना चाहिए। इससे निश्चित रूप से आप सड़क पर सुरक्षित यात्रा कर पाएंगे। पुष्पा दीदी ने सभी उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन की गहन अनुभूति कराई जिससे सभी का मन एकाग्र हुआ।
