रायपुर । राजधानी रायपुर में शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम रायपुर ने बड़ा निर्णय लिया है। महापौर मीनल चौबे के नेतृत्व और नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष मनोज वर्मा के मार्गदर्शन में नगर निगम क्षेत्र के 6 प्रमुख मार्गों को नो फ्लैक्स ज़ोन घोषित किया गया है। इन मार्गों पर केवल शासकीय विज्ञापनों को ही अनुमति दी जाएगी।

नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश विभाग के उड़न दस्ते द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार, मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) के संकल्प के तहत संबंधित मार्गों पर नो फ्लैक्स ज़ोन के सूचना बोर्ड भी लगाए जा चुके हैं। यह निर्णय एमआईसी की हालिया बैठक में लिया गया था।

नो फ्लैक्स ज़ोन घोषित किए गए मार्गों में जीई रोड अंतर्गत टाटीबंध चौक से जयस्तम्भ चौक होते हुए तेलीबांधा थाना चौक तक, पचपेड़ीनाका चौक से लालपुर ओवरब्रिज तक, शहीद भगत सिंह चौक से छत्तीसगढ़ क्लब होते हुए कैनाल लिंकिंग रोड ट्रैफिक सिग्नल व सिविल लाइन मार्ग, एनआईटी रायपुर से गोल चौक होते हुए रायपुरा चौक तक, जयस्तम्भ चौक से सिटी कोतवाली चौक होते हुए बिजली ऑफिस चौक तक तथा महिला थाना चौक से बूढ़ेश्वर मंदिर चौक तक के प्रमुख मार्ग शामिल हैं।

महापौर मीनल चौबे, अध्यक्ष मनोज वर्मा और आयुक्त विश्वदीप ने नगर निवेश विभाग, उड़न दस्ता, जोन कमिश्नर एवं अभियंताओं को निर्देशित किया है कि इन मार्गों पर नो फ्लैक्स ज़ोन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए प्रतिदिन सतत मॉनिटरिंग की जाए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *