शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिंगरौली में मानसिक स्वास्थ्य एवं निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का सफल आयोजन

एमसीबी/ स्वास्थ्य विभाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर द्वारा अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को साकार करते हुए विकासखंड भरतपुर के अंतर्गत सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सिंगरौली में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बनाना था, ताकि वे तनावमुक्त वातावरण में अध्ययन कर सकें और सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ सकें।


खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. रमन के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम मंव किशोर अवस्था में मानसिक स्वास्थ्य की महत्ता पर विशेष जोर दिया गया। शिविर के दौरान आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवपाल सिंह ने छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं और बताया कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच शिक्षा तथा जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं परामर्श शिविर भी लगाया गया, जिसमें आधुनिक उपकरणों के माध्यम से बच्चों की आंखों की विस्तृत जाँच की गई। इस दौरान आर. एस. चेचाम द्वारा जिन विद्यार्थियों में दृष्टि दोष पाया गया, उन्हें आवश्यक परामर्श देते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई, ताकि समय रहते उपचार कर भविष्य की समस्याओं से बचा जा सके। पूरे कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन में विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सुलेमान खान की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उनके कुशल प्रबंधन, समन्वय और व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने बिना किसी असुविधा के स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।


इस सराहनीय पहल से प्रसन्न होकर शाला प्रबंधन समिति एवं अभिभावकों ने स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी यह संकल्प दोहराया कि भविष्य में विकासखंड के अन्य सुदूर और वनांचल क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर बच्चे तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाई जा रही है ।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *