राजनांदगांव , जिले में बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को 12वीं की भूगोल और भौतिक शास्त्र विषय से परीक्षा शुरू होगी। इस साल सलौनी और बागनदी में 2 नए परीक्षा केन्द्र बने है। 14 पुलिस थानों में सुरक्षित गोपनीय सामग्री परीक्षा के 1 घंटे पहले निकाली जाएगी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा संचालित हाईस्कूल परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होगी जो 13 मार्च तक चलेगी। 12वीं बोर्ड परीक्षा 20 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चलेगी। समय सुबह 9 से दोपहर 12.15 बजे तक होगी। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में कुल 88 परीक्षा केन्द्र बने है।

इस सत्र के लिए शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सलौनी राजनांदगांव और शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बागनदी डोंगरगढ़ को नया केन्द्र बनाया गया है। 10वीं में 10096 परीक्षार्थी, कक्षा 12वीं में कुल 8015 परीक्षार्थी शामिल होंगे। डीईओ प्रवास कुमार सिंह बघेल ने परीक्षा संचालन करने केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिए। कार्यशाला में केंद्राध्यक्षों को पावर पाइंट प्रेजेंटेशन से बोर्ड की गाइड लाइन, निर्देशों को साझा कर परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने मनोज चौहान ने प्रशिक्षण दिया। परीक्षा में नकल रोकने एवं सतत निगरानी करने जिला एवं ब्लॉक स्तरीय उड़नदस्ता दल का गठन किया जाएगा।

अफसरों ने परीक्षा केन्द्रों में पहुंचकर तैयारियां देखीं परीक्षा प्रभारी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल का गठन किया गया। बीईओ को ब्लॉक स्तर में दल का गठन कर परीक्षा केन्द्रों में निरीक्षण करने कहा गया है। शुक्रवार को डीईओ प्रवास बघेल सहित अन्य अफसरों ने केन्द्रों में प्रकाश, पेयजल, शौचालय, अन्य सुविधाओं का जाएजा लेकर जरूरी निर्देश दिए गए। उड़नदस्ता दल प्रभारी एवं परीक्षा ड्यूटी करने वाले व्याख्याता शिक्षक एक घंटे पहले केन्द्रों में पहुंचेंगे। परीक्षार्थियों को भी एक घंटे पहले आना होगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *