रायगढ़। जिले में बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत के साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह ने विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए एक प्रेरक वीडियो संदेश जारी किया है। अपने संदेश में उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और कड़ी मेहनत के साथ परीक्षा देने का आह्वान किया।

एसएसपी ने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन यह अंतिम मंजिल नहीं है, इसलिए विद्यार्थी बिना दबाव और तनाव के पूरी एकाग्रता के साथ अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें। वीडियो संदेश में एसएसपी सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने एग्जाम को शानदार तरीके से लिखें और स्वयं पर पूरा विश्वास रखें।

उन्होंने जोर देकर कहा कि इच्छा शक्ति, दृढ़ निश्चय और निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश परिणाम अपेक्षा के अनुरूप न आए, अंक कम हो जाएं या असफलता मिले, तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जीवन में आगे बढ़ने के अनेक अवसर और रास्ते उपलब्ध होते हैं, इसलिए अस्थायी असफलता को अंतिम सत्य न मानें। एसएसपी ने अभिभावकों से भी विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों का मनोबल बढ़ाएं, उनकी भावनाओं को समझें और उन पर अनावश्यक दबाव न डालें। सकारात्मक प्रोत्साहन बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करता है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने यह भी कहा कि घर का शांत और सहयोगात्मक माहौल विद्यार्थियों की तैयारी और मानसिक संतुलन के लिए बेहद आवश्यक है।

परीक्षा अवधि के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराते हुए एसएसपी सिंह ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में डीजे, लाउडस्पीकर या अन्य माध्यमों से अनावश्यक शोर-शराबा होता है, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी होती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। रायगढ़ पुलिस ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों से बैठक कर सख्त हिदायत देगी, ताकि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अंत में सभी विद्यार्थियों को ढेरों शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आत्मविश्वास, संयम और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा दें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ें। उन्होंने आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, शांत और सहयोगात्मक माहौल सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *