राजनांदगांव , अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को नगर निगम द्वारा पुष्पवाटिका योगा हॉल में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह के मुख्य आतिथ्य में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विशिष्ट कार्य करने वाली महिलाओं सहित स्वच्छता दीदी, सफाई दीदी, वुमेन फार ट्री की महिला, मितानीन, ई-रिक्शा महिला चालक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं का सिंह सहित महापौर मधुसूदन यादव व अन्य अतिथियों ने सम्मान किया।
कार्यक्रम में श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, भाजपा नेता खूबचंद पारख, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, कृषि उपज मंडी के पूर्व उपाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल एवं जिपं के पूर्व अध्यक्ष दिनेश गांधी ने स्मृति चिन्ह व साड़ी देकर सम्मानित किया। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज के ही दिन नहीं वरन हर दिन मां, बहन, बेटी एवं बहु के रूप में महिला का सम्मान करना चाहिए। क्योंकि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवी-देवता निवास करते हैं। समाज के हर बच्चे को पढ़ने का अवसर मिले, हर महिला कैसे सुरक्षित हो इसकी चिन्ता करनी है।
सीईओ ने स्वच्छता व जल संरक्षण की दी जानकारी कार्यक्रम में महिलाओं के लिए सत्रवार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह ने स्वच्छता और जल संरक्षण के बारे में सारगर्भित जानकारी देते हुए जल है तो कल है और स्वच्छ रहेंगे तो स्वस्थ रहेंगे को चरितार्थ करने कहा। उन्होंने स्वच्छता दीदी का काम कर बीएसएफ में चयनित सरस्वती साहू के परिजनों को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया। एसपी अंकिता शर्मा ने कानून एवं हमारे अधिकार के संबंध में जानकारी देकर कहा कि सड़कों पर कचरा नहीं फेकेंगे। रेल्वे थाना प्रभारी तरूणा साहू को पंडवानी गायकी के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
जनसहयोग से ही हम शहर को सुंदर बना सकते हैं महापौर यादव ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर नगर निगम द्वारा महिलाओं का सम्मान समारोह एवं स्वच्छता सर्वेक्षण संगोष्ठी आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि आज एक हजार महिलाएं जो विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही हैं, वहीं कुछ महिलाओं को विशिष्ट कार्य किए हैं उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना जनसहयोग के हम शहर को स्वच्छ एवं सुंदर नहीं बना सकते, सर्वेक्षण में उच्च स्थान प्राप्त करने सबकी सहभागिता आवश्यक है। आज के कार्यक्रम में चेम्बर आफ कामर्स के पदाधिकारियों का भी सम्मान किया जा रहा है।
