पिथौरा। पिथौरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीती रात नगर से लगे ग्राम लाखागढ़ के शीतल विहार कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पिथौरा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश जारी है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित दिनेश अग्रवाल ने बताया कि वे परिवार सहित रायपुर गए हुए थे और रात वहीं रुके थे।

इस दौरान चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखे करीब 20 हजार रुपये नगद चुरा ले गए। हालांकि चोर आलमारी के लॉकर को तोड़ने में असफल रहे, जिससे घर में रखे कीमती सामान और अन्य नगद सुरक्षित बच गए।

पिछले दो से तीन महीनों में पिथौरा थाना क्षेत्र के लाहरौद कर्मचारी कॉलोनी, लाखागढ़ और नगर के अन्य इलाकों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। शातिर चोर लगातार सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण पार कर चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ इन चोरों तक नहीं पहुंचे हैं।

स्थानीय लोग पुलिस पेट्रोलिंग की कमी की वजह से चोरी की घटनाओं में वृद्धि और सुरक्षा में कमी की चिंता व्यक्त कर रहे हैं। पिथौरा थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की पूरी घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे CCTV फुटेज निकाले जा रहे हैं।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *