बिलासपुर। शहर के व्यस्त प्रताप चौक इलाके में अचानक आग भड़कने से एक कपड़े की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा सारा सामान स्वाहा हो गया। जानकारी के मुताबिक, प्रताप चौक स्थित साक्षी फैशन नाम की दुकान में देर रात अचानक धुआं उठता देखा गया। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर अन्य दुकानदारों को सतर्क किया, लेकिन तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी।

दुकान में बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े और अन्य सामान रखा हुआ था। आग इतनी भीषण थी कि कुछ भी बाहर नहीं निकाला जा सका। सुबह तक हालात ऐसे हो गए कि दुकान के अंदर का पूरा स्टॉक जलकर खत्म हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के पीछे शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दुकान संचालक ने किसी भी तरह की साजिश या रंजिश से साफ इनकार किया है। रात के सन्नाटे में लगी इस आग ने पूरे व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। आसपास के दुकानदारों में दहशत का माहौल रहा और लोग देर तक मौके पर जुटे रहे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *