रायपुर। भाजपा ने छत्तीसगढ़ में 6 से 14 अप्रैल तक “गांव चलो अभियान” चलाने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक और सांसद गांव-गांव पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे। अभियान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उनके साथ डिप्टी सीएम अरुण साव और विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी ग्रामीण इलाकों का दौरा करेंगे। पार्टी की योजना के मुताबिक हर विधानसभा क्षेत्र में करीब 50 गांवों का चयन किया गया है, जहां जनप्रतिनिधि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के प्रयास करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करना है। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है।
