कलेक्टर ने दी नई पारी की शुभकामनाएँ

जगदलपुर, शासकीय सेवा की एक लंबी और कर्तव्यनिष्ठ यात्रा पूरी कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में एक गरिमामयी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा ने सेवानिवृत्ति प्राप्त कर रहे 09 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं देते हुए उन्हें शॉल और श्रीफल से सम्मानित किया। प्रशासन की संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कलेक्टर ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को उसी समय पेंशन भुगतान आदेश भी प्रदान किए, ताकि सेवा के बाद उनकी आगामी राह सुगम हो सके।

     समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर आकाश छिकारा ने भावुक शब्दों में कहा कि आप सभी ने विभिन्न विभागों में रहते हुए अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय लोक सेवा और जनहित के कार्यों में व्यतीत किया है, जिसके लिए प्रशासन और जनता सदैव आपके आभारी रहेंगे। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि शासकीय सेवा से निवृत्ति केवल एक औपचारिक पड़ाव है, आपके पास जो अनुभव, कौशल और ज्ञान का भंडार है, उसकी आवश्यकता अब भी समाज को है। उन्होंने आग्रह किया कि सेवानिवृत्ति के बाद की इस नई पारी में आप अपने अनुभवों का लाभ समाज के उत्थान और लोगों के कल्याण के लिए अवश्य प्रदान करें।

    इस सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक सहित कोषालय विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के परिजनों ने भी शिरकत की, जिनकी उपस्थिति ने इस विदाई समारोह को और भी अधिक यादगार और आत्मीय बना दिया। उपस्थित सभी लोगों ने सेवानिवृत्त साथियों के कार्यकाल की सराहना की और उनके सुखद व स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ससम्मान विदाई दी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *