राजनांदगांव I शहर में शुक्रवार दोपहर करीब तीन घंटे बिजली गुल रही। इस कारण बिजली आधारित उद्योग और कामकाज शादियों के सीजन के बीच बाजार में ग्राहकी भी प्रभावित रही। सुबह 11 से 2 बजे तक बिजली गुल रहने से लोग भीषण गर्मी के कारण हलाकान रहे।
कामठी लाइन, रामाधीन मार्ग, भरकापारा, लोहार पारा, इंदिरा सरोवर, गुड़ाखू लाइन एवं आसपास के इलाकों में बिजली गुल रही। इस क्षेत्र में कई कपड़ों के शो रूम, लेथ मशीन, फेब्रिकेशन सहित अन्य प्रकार के कामकाज प्रभावित रहे। शहर डिवीजन क्षेत्र के ईई कौशलेन्द्र पांडेय ने बताया कि कामठी लाइन स्थित शनि मंदिर के पास पुराने केबल को बदला गया है।
धार्मिक आस्था का केन्द्र और पवित्रता का प्रतीक पीपल के पेड़ की कटाई-छंटाई नहीं की जा सकती। इस कारण वहां से गुजरे केबल को ही बदल दिया गया। यह कार्य सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक चला।
बिजली कंपनी का सुधार अमला इस काम में लगा रहा। यहां कोई हादसा या जान-माल को नुकसान नहीं हुआ है। भविष्य में इसी खतरे की आशंका को ध्यान में रख यहां के पुराने केबल को बदल कर कवर वाला नया केबल लगाया गया है। आगामी दिनों में मेंटनेंस कार्य किया जाएगा जिसकी सूचना देंगे।
