Home » राजनांदगांव : कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएँ

राजनांदगांव : कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएँ

28/04/2026
राजनांदगांव : कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी नागरिकों की समस्याएँ

– जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव । कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के साथ त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिक बड़ी उम्मीदों के साथ जनदर्शन में अपनी समस्याएँ लेकर आते हैं, उनकी शिकायतों का समाधान समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में अतिक्रमण हटाने, सीमांकन, नामांतरण, नजूल प्रकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व रिकॉर्ड दुरूस्ती, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन कर विभागों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव उपस्थित थे।

Leave a comment