– जनरल स्टोर्स से हो रही 50 से 60 हजार रूपए प्रतिमाह आय
– संजना ने बनाया अपना नया घर, खेती किसानी के लिए खरीदा ट्रेक्टर
राजनांदगांव । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं में न केवल सकारात्मक परिवर्तन एवं जागृति आयी है, बल्कि उनके आर्थिक उन्नयन की राह खुली है। ऐसी ही एक बानगी पेश की है, राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सुकुलदैहान की लखपति दीदी संजना निर्मलकर ने। जिन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़कर अपने जीवन स्तर को मजबूत किया और उनकी जिंदगी बदल गई है। संजना निर्मलकर ने बताया कि वे माँ भवानी स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं और अपनी आजीविका को बढ़ाने के लिए उन्होंने बैंक लिंकेज के माध्यम से 1 लाख रूपए का ऋण लिया तथा 2 लाख रूपए का मुद्रा लोन जनरल स्टोर्स प्रारंभ करने के लिए लिया। अब यह जनरल स्टोर्स अच्छा चल रहा है, जिससे उन्हें 50 से 60 हजार रूपए प्रतिमाह आय हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने 30 डिसमिल के तालाब में समूह के साथ मिकर मछली पालन प्रारंभ किया। जिसके लिए 60 हजार रूपए का अनुदान मिला है, जिससे फायदा मिल रहा है। वे बैंक मित्र के रूप में भी कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि समूह से जुडऩे से पहले उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। समूह से जुडऩे के बाद बैंक लिंकेज से आजीविका में परिवर्तन आया।
लखपति दीदी संजना निर्मलकर ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्होंने इस वर्ष अपना नया घर बनावा लिया है और खेती-किसानी के लिए ट्रेक्टर खरीदा है। जिससे परिवार में बहुत खुशी है। उन्होंने बताया कि घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर कार्य करने से आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार के सहयोग से अच्छी तरह कार्य कर पा रही हैं। उन्होंने बताया कि वे शासन की अन्य योजनाओं जिसमें महतारी वंदन योजना, कृषक सम्मान निधि का भी लाभ ले रही है। संजना निर्मलकर ने शासन की लाभप्रद योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगे भविष्य में अपने व्यवसाय को बढ़ाना चाहती है और कपड़े का दुकान खोलना चाहती है।







