Home » CG : साईं मंदिर में वारदात को अंजाम देने वाले डकैत अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर…

CG : साईं मंदिर में वारदात को अंजाम देने वाले डकैत अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर…

21/05/2026
CG : साईं मंदिर में वारदात को अंजाम देने वाले डकैत अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर…

दुर्ग । भिलाई के सेक्टर-6 स्थित शिर्डी साईं बाबा मंदिर में हुई बड़ी डकैती को 84 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। 26 फरवरी 2026 की रात हुई इस वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया था। सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में मंदिर के भीतर हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने जांच के लिए कई टीमें गठित कीं, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। मामले की जांच में पुलिस की टीम बिहार के वैशाली तक भी पहुंची। शुरुआती जांच में बाहरी गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई गई थी।

खासकर मध्यप्रदेश, हरियाणा और अन्य राज्यों के गैंग पुलिस के रडार पर थे। इसके बावजूद अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। इधर, पुलिस हाल के दिनों में छोटी-मोटी चोरी के आरोपियों को पकड़कर जेल भेज रही है, लेकिन इतनी बड़ी वारदात के करीब तीन महीने बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। मामले में परमेश्वर सेन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 फरवरी की रात वह मंदिर परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे। मंदिर के पुजारी रात करीब 9:15 बजे मंदिर बंद कर अपने घर चले गए थे।

रात करीब 2:15 से 3 बजे के बीच 4 से 5 नकाबपोश बदमाश पीछे की ओर से आए और उन्हें पकड़ लिया। बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और नायलॉन की रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद उनकी आंखों पर कपड़ा बांधकर प्रसाद काउंटर के पास लिटा दिया गया। बदमाशों ने गार्ड का नाक और मुंह पूरी तरह दबाए रखा, ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद आरोपी मंदिर के अंदर घुस गए और करीब एक घंटे तक चोरी करते रहे। इस दौरान उन्होंने मंदिर में रखे चांदी के कई कीमती सामान और दानपेटी को निशाना बनाया।

Leave a comment