कबीरधाम के कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को ध्यान में रखते हुए कवर्धा और पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों की व्यवस्था और विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य और मतदान केंद्र के सभी मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन कर सुधार और मरम्मत कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान कलेक्टर महोबे ने निर्वाचन कार्य के निर्देशों का कंप्लांस नहीं होने पर तहसीलदार पंडरिया सुनील सोनपीपारे, जनपद सीईओ पंडरिया तरुण बघेल, पटवारी हरिहर गुप्ता और सोमेश्वर ठाकुर, ग्राम सचिव माखन सिंह धुर्वे, रोशन चंद्रवंशी को शो केस नोटिस जारी करने निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर कलेक्टर महोबे ने इलेक्शन कमीशन के गाइडलाइन अनुसार, मूलभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, शौचालय, रैंप, छाया, नेटवर्क कनेक्टिविटी, मतदान केन्द्रों का नाम लेखन आदि की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बूथ लेबल अधिकारियों से आवश्यक चर्चा कर निर्वाचन कार्य को गंभीरता से करने निर्देश दिए। बीएलओ को अपने क्षेत्र के नए मतदाता, दिव्यांग और 80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की जानकारी रखते हुए सभी का नाम मतदाता सूची में जोड़ने कहा।
