विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का वार रुम बनकर तैयार हो गया है। अत्याधुनिक तकनीक से लैस इस डिजिटल वार रुम में जल्द ही आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का भी उपयोग किया जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर में बने इस वार रूम की शुरुआत की। यह वार रूम 24 घंटे काम करेगा।

बताया गया है कि इस वार रूम में अलग-अलग विशेषज्ञता रखने वाले 250 से ज्यादा स्पेशलिस्ट को तैनात किया गया है। यहीं से प्रदेशभर में संगठन पर बूथ स्तर तक पैनी नजर रखी जाएगी। साथ ही जन भावनाओं को टटोलकर चुनावी रणनीति भी तैयार की जाएगी। कांग्रेस के इस वार रूम में चुनाव को 360 डिग्री पर चलाने के लिए अलग-अलग यूनिट तैयार की गई है। यहां एक कनेक्ट सेंटर भी तैयार किया गया है जो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बूथ स्तर के सभी कार्यकर्ताओं के साथ जुड़े रहेंगे। आने वाले समय में इसमें कुछ लोग और जोड़े जाएंगे।

30 हजार से ज्यादा वाट्सएप ग्रुप के साथ ब्राडकास्ट पर नजर
राज्य सरकार के संदेश को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष की नाकामियों को हर व्यक्ति के मोबाइल तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की जा रही है। अब तक प्रदेश में 30 हजार से अधिक व्हाट्सएप ग्रुप, पांच हजार ब्रॉडकास्ट के अलावा बड़ी संख्या में आधिकारिक एवं समर्थित फेसबुक पेज, ट्विटर हैंडल, यूट्यूब चैनल्स इत्यादि संचालित हो रहे हैं। डिजिटल वार रूम की नजर इन सब पर है। वैसे भी छत्तीसगढ़ कांग्रेस 2018 से ही सोशल मीडिया पर बेहद आक्रामक रही है।

यह सब खास बातें
इस वार रूम में डाटा इंटेलिजेंस, पॉलिटिकल इंटेलिजेंस, ग्राउंड कैंपेन टीम, फ़ील्ड मैनेजमेंट, सोशल मीडिया प्रबंधन टीम, डिजिटल मीडिया एंड पब्लिकेशन, मीडिया मॉनीटरिंग, फेक न्यूज़ मॉनीटरिंग सेल, बूथ मैनेजमेंट, ट्रेनिंग डिपार्टमेंट, कॉल सेंटर, कनेक्ट सेंटर और अलग से स्टूडियो तैयार किया गया है।

90 विधानसभा के लिए प्रोफेशनल फील्ड टीम
वॉर रूम की तरफ से प्रोफेशनल लोगों की एक फील्ड टीम भी तैयार की गई है। यह टीम प्रदेश के सभी 90 विधानसभाओं में काम कर रही है। इसमें ऐसे युवाओं को शामिल किया गया है जो देश के बड़े संस्थानों में काम कर चुके हैं और पिछले कई चुनावों में चुनावी कैंपेन का हिस्सा रह चुके हैं।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी होगा उपयोग
माना जा रहा है कि आगामी चुनाव में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल का बहुतायत में इस्तेमाल किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेश के मतदाताओं के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सीधा संवाद करवाया जाएगा। इस टेक्नोलॉजी के माध्यम से मुख्यमंत्री एक ही समय में व्यक्तिगत रूप से लाखों मतदाताआें से जुड़ पाएंगे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *