डोंगरगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत से उत्साहित भाजपा समर्थित जनपद सदस्यों ने जनपद के सामने जमकर नारेबाजी करते हुए पटाखे फोड़े और खुशियां मनाई। जनपद सदस्य रवि अग्रवाल ने प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में सहयोग करने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा निर्वाचित विधायकों की आम सहमति से आदिवासी नेता विष्णु देव साय का चयन मुख्यमंत्री के रूप में किया है, जो स्वागत योग्य है।कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस शुरू से ही आदिवासियों का उपयोग करते आ रही है। किंतु आदिवासियों को कभी भी उनका हक और अधिकार नहीं दिलाया गया। भाजपा ने जहां देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आदिवासी समाज से राष्ट्रपति के रूप में द्रोपदी मुर्मू को मौका दिया, वहीं प्रदेश में आदिवासी समाज के प्रतिनिधि विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी प्रदान की है। जनपद पंचायत में सत्तासीन कांग्रेसजनों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विगत पांच वर्षों के दौरान जनपद में व्यापक पैमाने में किए गए भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी। जनपद में हुए भ्रष्टाचार की कराई जाएगी जांच: रवि अग्रवाल ने कहा िक शासन के पैसों का दुरुपयोग करने वाले दोषियों को माफ नहीं जाएगा। इस अवसर पर जनपद सदस्य लक्ष्मीनारायण वर्मा, पुष्पलता वैष्णव, लक्ष्मी नेताम, उषा सिन्हा, सरपंच हेमलाल वर्मा, जसबीर चौहान, कन्हैया वर्मा, पीताम्बर सिन्हा, लालचंद पटेल, गंगाधर साहू, अमर साहू, मनोज नेताम, घनश्याम वैष्णव मौजूद थे। जनपद कार्यालय के सामने सदस्यों ने नारेबाजी कर जश्न मनाया।