राजनांदगांव बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल परिसर में पार्किंग के लिए शेड निर्माण हो जाने के बाद भी मरीज और परिजन सहित अस्पताल स्टाफ वाहनों को बेतरतीब पार्किंग कर रहे हैं। अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने ही अव्यवस्थित ढंग से गाड़ियों की पार्किंग होने की वजह से एंबुलेंस, 112 और महतारी एक्सप्रेस जैसे जरूरी वाहनों को अस्पताल के मुख्य द्वार तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
अस्पताल में रिनोवेशन का काम चल रहा है। इसके अंतर्गत ही अस्पताल के दोनों छोर में पार्किंग के लिए शेड भी लगाए गए हैं। यह कार्य सीजीएमसी द्वारा कराई गई है, लेकिन पार्किंग की टेंडर प्रक्रिया नहीं होने के कारण लोग अपनी सुविधा अनुसार गाड़ियों को अस्पताल पहुंचने वाले रास्ते में लगा देते हैं। इस कारण रास्ता जाम हो जाता है।
पहले जैसी नहीं पहुंचती भीड़
बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल में पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल संचालित हो रहा था, इस समय यहां काफी भीड़ हुआ करती थी, लेकिन अब मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल का संचालन पेंड्री में हो रहा है। इसके बाद से यहां डॉक्टर, विशेषज्ञ स्टाफ की कमी हो गई है, जिस वजह से यहां ओपीडी और आपीडी मरीजों की संख्या भी घट गई है। यही कारण है कि तब से पार्किंग को लेकर टेंडर नहीं बुलाया गया है।
