Home » राजनांदगांव : हाइवे से मेडिकल कॉलेज जाने वाली सड़क पर अंधेरा

राजनांदगांव : हाइवे से मेडिकल कॉलेज जाने वाली सड़क पर अंधेरा

03/01/2024

राजनांदगांव नेशनल हाइवे से मेडिकल कॉलेज तक जाने वाली सड़क पर करीब एक माह से अंधेरा रहता है। पोल पर लगी सभी लाइट बंद पड़ी है। इसी रास्ते से डॉक्टर, नर्सेज, अन्य स्टाफ और नर्सिंग छात्राओं की आवाजाही होती है। ऐसे में हमेशा महिलाओं से छेड़खानी एवं लूट की घटनाओं का खतरा बना हुआ है। शाम होते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगा है। अंधेरा होने के कारण मेडिकल स्टाफ दहशत में रहता है। पहले भी इस रास्ते पर चोरी और लूट जैसी घटना हो चुकी है। वहीं सड़क हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

एमसीएच में अतिक्रमण हटने के बाद हर सामान लेने मरीजों एवं परिजनों को नेशनल हाइवे तक आधी रात को भी आना पड़ता है। बड़ी संख्या में ग्रामीण आधी रात को यहां से आवाजाही करते हैं। ग्रामीणों में भी अंधेरा होने के कारण चोरी, लूट का भय बना रहता है। शहर की अन्य सड़कों का भी यहीं हाल है। सर्विस लेन से तहसील कार्यालय जाने वाली रोड, बल्देव बाग, मिल चाल इलाके में लाइट बंद रहती हैं। एमसीएच के सामने अतिक्रमण हटाने के बाद अस्पताल जाने वाले प्रमुख रास्ते पर सुरक्षा गार्ड्स को तैनात कर दिया गया है। वहां तक मरीज एवं उनके परिजन सुरक्षित हैं। लेकिन इसके बाद हाईवे तक आने में परेशानी हो रही है। इस रास्ते से अफसर भी गुजरते हैं लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

पैदल चलने वाले भी परेशान निगम की अनदेखी के कारण इस मार्ग पर वाहन चालकों और पैदल चलने वालों की मुसीबत और बढ़ गई है। खासकर अंधेरा होने के कारण सड़क पर बैठे मवेशी वाहन चालकों को नहीं दिखाई देते ऐसे में हादसा होने पर वाहन चालक और मवेशी दोनों घायल होते हैं। अंधेरा होने के कारण आवारा कुत्ते भी वाहन चालकों को दौड़ाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में भी वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं।

Leave a comment