भोपाल
लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आज सीहोर में भाजपा की एक बड़ी बैठक हो रही है। इससे पहले कल संघ के पदाधिकारियों ने दो बार बैठक कर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को लोकसभा चुनाव को लेकर टिप्स दिए। वहीं सरकार के एक माह के कार्यकाल में भाजपा के संकल्प पत्र को लेकर किए गए कार्यों का फीडबैक लिया।
सीहोर के क्रिसेंट होटल में हो रही बैठक में लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चुनिंदा लोग आमंत्रित किए गए हैं। इनमें प्रदेश संगठन के सभी महामंत्री, सभी मोर्चों के अध्यक्ष, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ल, मंत्री प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, विश्वास सारंग, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कुछ वरिष्ठ विधायक शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी दिल्ली से वापस लौट कर बैठक में शामिल हो सकते हैं। शाम तक चलने वाले मैराथन बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय संगठन की गाइड लाइन के परिपालन को लेकर भी मंथन होगा।
लोकसभा चुनाव के अलावा बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष, सरकार का एक माह का फीड बैक, अयोध्या में होने वाले 22 जनवरी के कार्यक्रम को लेकर होने वाली तैयारियों पर चर्चा हो रही है। पहले इस बैठक का आयोजन भोपाल में होना था, लेकिन बाद में सीहोर तय हुआ। बैठक में प्रदेश सरकार के पिछले 1 माह के कार्यकाल में भाजपा के संकल्प पत्र के हुए कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा होगी।
लोकसभा चुनाव की बनेगी रणनीति
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार प्रदेश की सभी लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करने की रणनीति पर बैठक में चर्चा होगी। इस बैठक में लोकसभावार जिम्मेदारियां सौंपे जाने की तैयारी है, जिसमें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए इस विषय को घर-घर पहुंचाने की रणनीति पर काम किया जाएगा। आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टि से बैठक में प्रजेंटेशन भी होगा। जिसमें हर लोकसभा सीट की स्थितियों के बारे में भी चर्चा होगी।
बुधवार को संघ और भाजपा नेताओं की हुई दो बैठकें
संघ पदाधिकारियों और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ कल शारदा विद्यामंदिर में दो दौर की बैठकें चली थी। बुधवार को मानव सेवा न्यास में हुई इस बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दीपक बिस्पुते और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा मौजूद रहे। इसके बाद शारदा विहार में संघ के प्रमुख पदाधिकारी अरूण कुमार की सीएम डॉ मोहन यादव, मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और अजय जामवाल के बीच बैठक हुई।
रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में 3 और 4 जुलाई को राजधानी…
रायपुर मुख्यमंत्रीविष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का…
रायपुर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के…
भोपाल स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग भारत सरकार द्वारा घोषित स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग…
रायपुर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आज बुधवार को बस्तर कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभाकक्ष में…
भोपाल महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस…