Home » CG : समाजसेवा में आगे है प्रांतीय अग्रवाल संगठन: गौरीशंकर

CG : समाजसेवा में आगे है प्रांतीय अग्रवाल संगठन: गौरीशंकर

15/01/2024

राजनांदगांव छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के 16वें प्रांतीय अधिवेशन का शुभारंभ अग्रवाल सभा के आतिथ्य में अनंत पैलेस में शुरू हुआ।

इस समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सियाराम अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष नेतराम अग्रवाल, विधायक राजेश अग्रवाल एवं संपत अग्रवाल, प्रांतीय चेयरमैन डॉ. अशोक अग्रवाल, महामंत्री मनोज अग्रवाल ने भगवान अग्रसेन की पूजा अर्चना के साथ दीप प्रज्वलित किया।

आरती के पश्चात स्वागत गीत अग्रवाल महिला मंडल की सदस्यों ने प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि गौरी शंकर अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव प्रत्येक सेवा कार्य में अग्रणी भूमिका का निर्वहन करते आ रहा है। पहले गांव में अग्रवाल समाज के लोगों को श्रेष्ठ कहा जाता था, बाद में वह सेठ कहलाने लगे। अग्रवाल ने कहा कि हम भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ के निवासी हैं और अब हमारे भांजे की भव्य मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। स्वागत भाषण अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने दिया। प्रांतीय अध्यक्ष नेतराम अग्रवाल ने कहा कि पूरे देश में लगभग पांच प्रतिशत अग्रवाल निवास किया करते हैं, किंतु देश की रेवेन्यू में लगभग 55 प्रतिशत योगदान अग्रवालों का है। अग्रवाल समाज सदैव मानव सेवा के प्रति सजग रहते हुए अस्पताल, धर्मशाला, स्कूल के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका का निर्माण करते आ रहा है जो सराहनीय है।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सियाराम अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में विवाह के लिए समाज के बंधुओं से आग्रह किया कि हम अपने बच्चों का विवाह करते समय परिवार को देखें, ना कि धन, वैभव एवं नौकरी। आज समाज में यह समस्या है की अधिक उम्र के बच्चे अविवाहित बैठे हैं। बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि अग्रवालों में अहंकार नहीं होता, इसीलिए वे सभी को अपनाकर आगे बढ़ते हैं।

अंबिकापुर के विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा कि विवाह की बढ़ती आयु के लिए एकल परिवार एक महत्वपूर्ण कारण है। उन्होंने सुझाव रखा कि प्रत्येक जिले में बुजुर्गों के मिलने का स्थान निश्चित होना चाहिए, जहां समाज के बुजुर्ग एक निश्चित समय में उपस्थित होकर आपसी विचार विमर्श करें। समाज की कठिनाइयों व बुराइयों पर चर्चा करें एवं उसके समाधान के लिए समाज के बीच अपने सुझाव रखें।

Leave a comment