Home » CG : मालगोदाम की शिफ्टिंग का रास्ता साफ, पार्री तक बन रही 42 फीट की चौड़ी सड़क

CG : मालगोदाम की शिफ्टिंग का रास्ता साफ, पार्री तक बन रही 42 फीट की चौड़ी सड़क

15/01/2024

राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में स्थित मालगोदाम की शिफ्टिंग का रास्ता साफ हो गया है। सड़क निर्माण नहीं होने से शिफ्टिंग पर रोड़ा आ गया था पर रेलवे की मांग पर कलक्टर ने पार्रीकला पहुंच मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की पुरानी सड़क पर ही सीसी रोड के साथ चौड़ीकरण होगा। 42 फीट की चौड़ी सड़क बनेगी। डेढ़ माह के भीतर सड़क निर्माण पूरा होगा। इधर रेलवे स्टेशन में गोदाम की जगह खाली होते ही यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार शुरू किया जाएगा। यहां नया प्लेटफॉर्म बनाने की तैयारी है। इससे शहर की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी।

रेलवे ने शहर से पांच किलोमीटर दूर पार्रीकला में रेलवे लाइन के किनारे लगभग 25 करोड़ की लागत से मालगोदाम बनवाया है पर हैवी वाहनों की आवाजाही के लिए मजबूत सड़क नहीं बनाई गई थी। रेलवे के अफसर पार्रीकला तक बने डामरीकृत पहुंच मार्ग पर ही हैवी वाहन दौड़ाने की तैयारी में थे पर गांव वालों ने विरोध कर दिया और मजबूत सड़क बनाने की मांग कर दी।

इसके बाद रेलवे ने सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन से अनुमति मांगी थी पर पीएमजेएसवाय की ओर से सड़क की जगह देने से मना कर दिया गया था पर ग्रामीण जिद में अड़े थे कि पुरानी सड़क पर ही चौड़ीकरण कर नई सड़क बनाई जाए। ग्रामीणों की जिद के चलते रेलवे की परेशानी बढ़ गई थी।

रेलवे के अफसरों ने दोबारा प्रयास किया और प्रशासन से पुरानी सड़क पर ही चौड़ीकरण के साथ नई सड़क बनाने की अनुमति मांगी।

कलक्टर की ओर से इसकी अनुमति दे दी गई है। इससे रेलवे की परेशानी दूर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार लगभग 42 फीट की सड़क होगी।

मालगोदाम बनाने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी को ही सीसी रोड बनाने की अनुमति दी गई है। सड़क निर्माण का पूरा खर्च रेलवे ही वहन करेगी। जल्द ही काम शुरू होने वाला है। सड़क दो लाइन की रहेगी। बीच में डिवाइडर के साथ ही स्ट्रीट लाइट लगेगी।

इधर रेलवे स्टेशन में विस्तारीकरण की तैयारी

पार्रीकला तक सीसी रोड बनते ही मालगोदाम की शिफ्टिंग शुरू होगी। इसके बाद यहां रेलवे स्टेशन परिसर में गोदाम की जगह खाली होते ही विस्तारीकरण शुरू होगा। नए प्लेटफॉर्म के साथ ही यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जाएगी। एयरपोर्ट की तर्ज पर स्टेशन का प्रवेश द्वार बनना है। रेलवे के कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट के अफसर एके मौर्य ने बताया कि कलक्टर ने सीसी रोड निर्माण की अनुमति दी है। जल्द काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद शिफ्टिंग होगी।

Leave a comment