राजनांदगांव भुइयां पोर्टल में आई दिक्कत सहित अन्य समस्याओं को लेकर राजस्व पटवारी संघ ने राजस्व मंत्री से मुलाकात की।
मंत्री को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं को दूर करने की मांग रखी। बुधवार को राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा राजनांदगांव के प्रवास पर थे। इस दौरान राजस्व पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। संघ पदाधिकारियों ने मंत्री को बताया कि बीते कुछ समय से भुइयां पोर्टल में जमीन का नक्शा नहीं दिखा रहा। इससे आवेदकों को परेशान होना पड़ रहा है। इसी तरह सामान्य त्रुटि सुधार के लिए भी एसडीएम कार्यालय में आवेदन की प्रक्रिया रखी गई है। इससे वेवजह किसानों को चक्कर काटना पड़ रहा है।
बटांकन के प्रकरण में पटवारी के स्थल निरीक्षण के बाद राजस्व निरीक्षण का अनुमोदन आवश्यक किया गया। वर्तमान में एक राजस्व निरीक्षक के अंदर 10 से 12 पटवारी कार्यरत हैं। ऐसे में ऐसे प्रकरणों का निपटारा भी समय पर नहीं हो पा रहा है। इसके चलते आम लोग परेशान हैं। पटवारियों के पदोन्नति संबंधी समस्याओं और दूसरे मामलों को लेकर पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मंत्री वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द निराकरण की मांग की है।







