दुर्ग जिले में बहन के लिए रिश्ता देख वापस लौट रहे बाइक सवार भाई समेत 3 लोगों को सामने से आ रही दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गिर गए। बाइक पर पीछे बैठे बुजुर्ग को ज्यादा गंभीर चोट लगी। उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामला नंदिनी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, शक्ति नगर दुर्ग का रहने वाला मुकेश सेन अपने जीजा धनंजय सेन और नाना शिवचंद सेन के साथ अपनी बहन के लिए लड़का देखने बाइक से ग्राम पेंड्री गया था। शाम को वे तीनों वापस दुर्ग लौट रहे थे। रास्ते में ग्राम रवेलीडीह पेट्रोल पंप के पास दुर्ग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बाइक चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में मुकेश सेन के जीजा धनंजय सेन के पैर और नाना शिवचंद के पैर और सिर में चोट लगी। तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां शुक्रवार रात उसके नाना शिवचंद सेन (80) की मौत हो गई। अस्पताल से घटना की जानकारी मिलने के बाद नंदिनी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच में जुट गई है। नंदिनी पुलिस ने अज्ञात आरोपी बाइक चालक के खिलाफ एक्सीडेंट और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *