राजनांदगांव लोगों को आवाजाही में सुविधा देने और हादसों से सुरक्षा करने रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का निर्माण कर रहा है। इसी क्रम में दुर्ग से बोरतलाव के बीच 13 स्थानों में ओवर ब्रिज बनेंगे। वर्तमान में 10 स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जारी है। इसमें से तीन ओवरब्रिज का काम मार्च 2025 तक और 6 ओवरब्रिज का काम दिसंबर 2025 तक पूरा किया जाएगा। शेष 4 स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण शुरू करने भूमि का अधिग्रहण करने और मुआवजा की प्रक्रिया चल रही है। रेलवे के अफसरों से मिली जानकारी के अनुसार मुढ़ीपार, बरगा और हल्दी में बन रहे तीनों रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण काम मार्च 2025 तक होगा। बाकी जगह के अंडरब्रिज में 40 से 60 प्रतिशत काम हुआ है जिसे पूरा होने में करीब डेढ़ साल लग सकते है। रेलवे द्वारा सभी जगह रेलवे क्रॉसिंग को बंद किया जा रहा है। विकल्प के तौर पर ओवरब्रिज व अंडरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इससे ट्रेनों की आवाजाही के दौरान रुकावट नहीं होगी। इन गांवों में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा रेलवे छत्तीसगढ़ की सीमा पर दर्रेकसा से दुर्ग जंक्शन तक 13 ओवरब्रिज और 3 अंडरब्रिज का निर्माण करेगा। पहले चरण में मुढ़ीपार मनगटा के पास ओवरब्रिज का निर्माण जारी है। ग्राम बरगा एवं हरदी के पास बन रहे ओवरब्रिज का काम मार्च में पूरा होगा। धनगांव, खपरीकला, आलीवारा, मुसरा, अछोली, चिद्दो में ओवरब्रिज का निर्माण जारी है। मुढ़ीपार-बघेरा रूट में अंडरब्रिज बनेगा। दर्रेकसा के पास फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिल चुका है। यहां दुर्ग से दर्रेकसा तक चौथी लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। माल गोदाम की शिफ्टिंग को लेकर किया गया निरीक्षण अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राजनांदगांव रेलवे स्टेशन का 11 करोड़ रुपए की लागत से रिनोवेशन किया जा रहा है। यहां के माल गोदाम की पार्रीकला में शिफ्टिंग होगी। दूसरे फेस में इसी जगह निर्माण शुरू होना है और यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा। माल गोदाम शिफ्टिंग शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। शुक्रवार को रेलवे के इंजीनियरों ने पार्रीकला में बने माल गोदाम, यहां तक बिछे रेलवे ट्रैक, ओएचई केबल और इंटरनेट केबल का निरीक्षण किया। सभी विभागों का काम लगभग पूरा हो चुका है।
