राजनांदगांव | सुकुल दैहान चौकी क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में एक व्यक्ति की लाश तालाब से मिली है। चौकी प्रभारी राजेश मन्नाडे ने बताया कि मृतक 24 घंटों से लापता था। उनकी चप्पल तालाब के पास मिली थी। इसके बाद डूबने के अंदेशे पर तालाब में खोजबीन की गई। यहां पूरे दिन तलाश के बाद शव बरामद किया गया है। मृतक बम्हनी निवासी लगभग 45 वर्षीय हीरालाल निर्मलकर उर्फ भानू के शव को पीएम के मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
बताया गया कि हीरालाल शुक्रवार से ही लापता था जिसे उसके परिजन ढूंढ रहे थे। इसी दौरान किसी ने तालाब के पास एक व्यक्ति की चप्पल देखी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से मदद मांगते हुए अंदेशा जताया और तालाब में गोताखोर उतारने की मांग की। गोताखोर की टीम ने शनिवार को शाम लगभग 4 बजे तालाब से शव बरामद किया है। पुलिस चौकी प्रभारी ने कहा कि, शव के पीएम के बाद ही मौत का असल कारण पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस विवेचना में जुटी हुई है।
