भोपाल

डीएलएड पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए अब संस्थानों को अब 50 हजार रुपए अधिक संबद्धता शुल्क चुकाना होगा। माध्यमिक शिक्षा मंंडल ने संस्थाओं की नवीन संबद्धता, संबद्धता नवीनीकरण और अतिरिक्त इंटेक की शुल्क 50 हजार रुपए तक बढ़ा दी है।

    शुल्क बढ़ाने के संबंध में मंडल की कार्यपालिका समिति की बैठक में निर्णय लिया गया था। कॉलेजों की संंबंद्वता शुल्क बढने से विद्यार्थियों की फीस भी बढ़ सकती है। बोर्ड द्वारा जारी आदेश के अनुसार डीएलएड की परीक्षाओं के लिए पहली बार संबद्धता शुल्क एक लाख से बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपए किया गया है।

    यह स्थिति प्रत्येक 50 विद्यार्थियों के अतिरिक्त इंटेक के लिए रहेगी। इसी तरह डीएलएड की परीक्षाओं की संबद्धता वृद्धि के लिए शुल्क 22 हजार 500 रुपए प्रतिवर्ष प्रति 50 विद्यार्थियों के हिसाब से कर दी गई है, यह पहले 15 हजार रुपए थी।
   वहीं 100 विद्यार्थियों के लिए 30 हजार से 45 हजार और डेढ़ सौ विद्यार्थियों के लिए 50 हजार से 75 हजार भुगतान करना होंगे। इसका असर विद्यार्थियों पर पढेगा। क्योंकि संचालक उक्त शुल्क की पूर्ति विद्यार्थियों की फीस बढ़ाकर करेंगे।

यूको बैंक को किया मान्य: बोर्ड के आदेशानुसार सत्र 2023-24 में नवीन संबंद्धता, संबंद्धता नवीनीकरण, अतिरिक्त संख्या बढ़ाने के लिए बढ़ी हुई राशि के साथ आवेदन किए जाएंगे। यह शुल्क माध्यमिक शिक्षा मंडल परिसर में स्थित यूको बैंक, शाखा हबीबगंज में सचिव के नाम चालान देना होगा। किसी अन्य बैंक के चालान मान्य नहीं किए जाएंगे। जमा की गई राशि मंडल के खाते में जमा होना सुनिश्चित करते हुए, शुल्क सहित आवेदन की प्रति 10 मार्च तक मंडल कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।

क्या कहते हैं संचालक
संचालकों का कहना है कि बोर्ड ने बिना तथ्यों को परखे फीस में बढ़ोतरी कर दी है। इस संबंध में उनसे कोई तर्क नहीं लिए गए हैं। अनावश्यक शुल्क बढ़ाने से उन्हें काफी आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ेगा। इसका असर विद्यार्थियों की फीस पर पड़ेगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *