एमसीबी/ कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ एक्शन मोड में बड़ी कार्रवाई करते हुए दोषियों पर कड़ा शिकंजा कसा है। जिले में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर 10 अप्रैल 2026 की रात खनिज विभाग की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया।


रात्रि लगभग 1:00 बजे ग्राम पंचायत हरचौका, तहसील भरतपुर स्थित मवई नदी में स्वीकृत रेत खदान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पर्यावरणीय नियमों के विपरीत खनन कार्य किया जा रहा है। मौके पर कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग ने एक चौन माउंटेन मशीन और रेत से भरी एक हाईवा वाहन को तत्काल जब्त कर लिया।


कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए सिरौली और चिउंटिमार क्षेत्रों में भी अवैध रेत परिवहन पर सख्ती दिखाई गई। यहां रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त 4 ट्रैक्टर वाहनों को पकड़ा गया। सभी वाहनों के मालिकों के खिलाफ खनन एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। जब्त किए गए चारों ट्रैक्टरों को कलेक्टरेट परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में खनिज अधिकारी दयानंद तिग्गा, खनिज सिपाही राजकुमार यादव सहित विभागीय अमले की सक्रिय भूमिका रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *