एमसीबी/ जिले में शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं प्रवेश हेतु आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। यह परीक्षा 01 मार्च 2026 को प्रदेश के 27 जिलों के 150 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS), नई दिल्ली के मार्गदर्शन में तथा छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आदिम जाति कल्याण, आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति के संचालन में यह परीक्षा आयोजित की गई थी। राज्य के अंतर्गत संचालित 75 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए यह प्रक्रिया पूरी की गई।
अब अभ्यर्थी एकलव्य विद्यालयों की आधिकारिक वेबसाइटhttps://eklavya.cg.nic.in/ पर जाकर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए निर्धारित लिंक में आवश्यक जानकारी दर्ज कर परिणाम प्राप्त किया जा सकता है।
प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण के तहत काउंसलिंग की जानकारी भी जल्द ही वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से वेबसाइट का अवलोकन करते रहें, ताकि किसी भी महत्वपूर्ण सूचना से वंचित न रहें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है और योग्य विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
