एमसीबी, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेन्द्रगढ़ में भारतीय सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर से आए भर्ती अधिकारी रुबेस कुमार और श्रवण सिंह ने विशेष मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड तथा विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं को भारतीय सेना में भर्ती के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में अधिकारियों ने अग्निवीर, जूनियर कमीशन ऑफिसर एवं अन्य रैंकों पर भर्ती की प्रक्रिया को समझाते हुए छात्रों को जागरूक किया। उन्होंने शारीरिक मापदंड, शैक्षणिक योग्यता, शारीरिक परीक्षण और चयन की संपूर्ण प्रक्रिया का विस्तार से उल्लेख किया। साथ ही बोनस अंकों की व्यवस्था, चयन के विभिन्न चरण, वेतन सुविधा और भविष्य में मिलने वाले अवसरों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रचलित भ्रांतियों का निराकरण किया गया और छात्रों को यह विश्वास दिलाया गया कि मेहनत और अनुशासन से वे सेना में स्थान बना सकते हैं।


इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। उन्होंने भर्ती से संबंधित शंकाओं को स्पष्ट करने में गहरी रुचि दिखाई और कार्यक्रम से उन्हें सही दिशा और नई प्रेरणा मिली।


इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री संजीव कुमार, व्याख्याता टी. विजय गोपाल राव, खेल एवं युवा कल्याण जिला नोडल अधिकारी विनोद जायसवाल, एनसीसी प्रभारी शिवनारायण, जिला स्काउट सचिव अशोक साहू, स्कूल शिक्षा खेल नोडल अधिकारी रणधीर ठाकुर, तथा शिक्षक सुमित जायसवाल और खेमेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *