जगदलपुर। शहर के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित नए पुल से इंद्रावती नदी में कूदे 19 वर्षीय युवक का शव बरामद कर लिया गया। युवक ने सुसाइड से पहले अपनी मां को फोन कर ’अलविदा, जा रहा हूं… अब नहीं लौटूंगा’ कहा था और कॉल काट दी थी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तरुण दास (19) के रूप में हुई है, जो शहर में पदस्थ एक महिला आरक्षक का बेटा था। मंगलवार रात तरुण ने अपनी मां को फोन कर कहीं जाने और वापस न लौटने की बात कही। घबराई मां ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान पुलिस को इंद्रावती नदी में एक युवक के छलांग लगाने की सूचना भी मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर सेना की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची।

घटनास्थल से युवक का चप्पल और मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी नदी में कूदने की पुष्टि की। रात अधिक होने और अंधेरे के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आई, फिर भी देर रात तक तलाश जारी रही। बुधवार सुबह दोबारा सर्च शुरू किया गया, जिसके बाद शव नदी से बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सुसाइड का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया गया कि तरुण की मां सीएसपी कार्यालय में पदस्थ हैं, जबकि पिता पुलिस विभाग में सैनिक के पद पर कार्यरत हैं। दोनों कई वर्षों से अलग रह रहे थे। तरुण चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *