मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे 77 कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण, ₹245 करोड़ की सौगात

धमतरी । धमतरी जिला 23 सितम्बर को एक ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में विधानसभा क्षेत्र कुरूद के ग्राम करेली बड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय महतारी सदन कार्यक्रम में जिले को विकास कार्यों की एक बड़ी सौगात मिलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी द्वारा कुरूद विधानसभा क्षेत्र के कुल 77 कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया जाएगा, जिन पर ₹245.80 करोड़ से अधिक की राशि व्यय होगी।

यह कार्य जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क, पेयजल, उद्योग, विज्ञान, पर्यटन और सामाजिक विकास जैसे विविध क्षेत्रों को नई दिशा देने वाले हैं।

महिला सशक्तिकरण नए भवनों का शिलान्यास :

महतारी सदन योजना के तहत 51 महतारी सदन भवनों का लोकार्पण किया जाएगा। इसमें कुरूद के 4 महतारी सदन भवन शामिल है । नए भवनों का शिलान्यास भी करेंगे । लगभग ₹2.10 करोड़ की लागत से निर्मित ये भवन महिलाओं के लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता के नए केंद्र बनेंगे।“ये महतारी सदन हमारी माताओं-बहनों की शक्ति और क्षमता को समाज में नई पहचान देंगे।

औद्योगिक विकास :

ग्राम करेली बड़ी और भालूझूलन में औद्योगिक क्षेत्रों के लिए ₹16.61 करोड़ की लागत से आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा। इसके अलावा जी-जामगांव औद्योगिक क्षेत्र का लोकार्पण ₹6.00 करोड़ की राशि से होगा। इन कार्यों से उद्योग और रोजगार की नई संभावनाएँ खुलेंगी।

शिक्षा एवं कौशल विकास :

शिक्षा और कौशल उन्नयन के क्षेत्र में आईटीआई भवन, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज और लाइवलीहुड कॉलेज भवन का शिलान्यास ₹27.67 करोड़ की लागत से किया जाएगा। वहीं, कृषि महाविद्यालय भवन एवं छात्रावास का लोकार्पण ₹7.53 करोड़ में होगा। ये संस्थान युवाओं के लिए उच्च शिक्षा और कौशल विकास के प्रमुख केंद्र बनेंगे।

सड़क और अधोसंरचना :

जिले के विभिन्न मार्गों के निर्माण और सुधार के लिए 9 सड़क कार्यों का शिलान्यास ₹119.79 करोड़ की लागत से किया जाएगा। साथ ही गौरव पथ योजना के तहत गातापार और बकली मार्ग का लोकार्पण ₹1.70 करोड़ से होगा। नई सड़कें गाँवों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगी।

स्वास्थ्य सुविधाएँ :

भेण्ड्री में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण ₹75 लाख की लागत से होगा। इससे ग्रामीण अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाएँ और अधिक सुलभ होंगी।

पेयजल एवं सिंचाई :

जल जीवन मिशन के तहत 39 कार्य ₹29.99 करोड़ की लागत से पूरे होंगे, जिससे जिले की हर बस्ती ‘हर घर जल’ प्रमाणित होगी। कोडेबोड़ में सूक्ष्म सिंचाई योजना ₹26.37 करोड़ और महानदी नहर पर क्रॉस रेग्युलेटर ₹4.29 करोड़ की लागत से निर्मित होगा। इससे किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा और ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।

विज्ञान एवं पर्यटन :

गंगरेल में साइंस पार्क का निर्माण किया जाएगा, जो बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ-साथ पर्यटन की नई संभावनाओं को भी बढ़ावा देगा।

सामाजिक विकास :

कंवर समाज भवन (मधुबन धाम, राकांडीह) का निर्माण ₹50 लाख की लागत से होगा, जो सामुदायिक विकास को नई ऊर्जा देगा।

इन सभी विकास कार्यों से धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र में न केवल आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक, औद्योगिक और कृषि क्षेत्र में भी नए अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक दिन जिले की प्रगति और जनकल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *