सुकमा । आगामी बोर्ड परीक्षाओं में जिले के छात्र-छात्राओं के बेहतर प्रदर्शन को सुनिश्चित करने तथा परीक्षा से जुड़े तनाव को कम करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी द्वारा निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है। इसी क्रम में उन्होंने गुरुवार को सेजेस कुकानार में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष मोटिवेशनल कक्षा का आयोजन किया तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत स्थिति का जायजा लिया।

कुकानार विद्यालय में विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने बोर्ड परीक्षा में सफलता हेतु समय प्रबंधन, एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्राचार्य एवं शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों को ब्लूप्रिंट के अनुरूप प्रश्नों का नियमित अभ्यास कराया जाए, पाठ्यक्रम की समयबद्ध पुनरावृत्ति सुनिश्चित की जाए तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया जाए।

शैक्षणिक गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने हेतु मंडावी ने सुदूर अंचलों के विद्यालयों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला मुर्रेपाल एवं कोडरीकोसम तथा कन्या आश्रम एवं मा. शाला बिरसठपाल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी विद्यालयों एवं आश्रमों में मध्याह्न भोजन योजना सुचारू रूप से संचालित पाई गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं समयबद्ध वितरण बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षकों की उपस्थिति एवं विद्यालय परिसरों की स्वच्छता का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *