रायपुर। राजधानी रायपुर में नॉर्थ जोन पुलिस और एसीसीयू की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपए का गुटखा जब्त किया है। यह गुटखा खमतराई इलाके के एक यार्ड में डंप कर रखा गया था। पुलिस को लंबे समय से अवैध गुटखा भंडारण और सप्लाई की शिकायतें मिल रही थीं,

जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर (भा.पु.से) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी खमतराई को जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद नॉर्थ जोन की टीम ने यार्ड में दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में गुटखा बरामद किया गया। पुलिस की टीम मौके पर मौजूद गोदाम संचालक से पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त किया गया गुटखा असली है या नकली, इसकी पुष्टि के लिए फूड सेफ्टी विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया है। सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गुटखा स्वास्थ्य मानकों पर खरा उतरता है या नहीं।

जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने यार्ड में रेड और गुटखा जब्ती की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *