धमतरी । जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं किसान-हितैषी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज धमतरी तहसील के खरेंगा, दोनर और कंडेल धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने न केवल खरीदी प्रक्रिया के प्रत्येक चरण का बारीकी से अवलोकन किया, बल्कि केंद्रों पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर जमीनी हकीकत और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी भी ली।

कलेक्टर मिश्रा ने टोकन कटने की स्थिति, किसानों द्वारा धान विक्रय, रकबा समर्पण, धान उठाव एवं भुगतान प्रक्रिया की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों के टोकन पहले ही कट चुके हैं, उनका धान प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी विलंब के खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि छोटे, सीमांत और वास्तविक किसानों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान रकबा समर्पण और फसल सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं फर्जी बिक्री पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही, अनियमितता या मिलीभगत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और समस्त कार्यवाही शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता के साथ की जाए।

कलेक्टर मिश्रा ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि पहली बार धान विक्रय हेतु टोकन कटवाने वाले किसानों अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन के दौरान यदि फर्जी रकबा, अवैध धान बिक्री अथवा अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों पर पेयजल, छाया, तौल व्यवस्था, बैठने की सुविधा एवं किसानों की अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने धान उठाव की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि समयबद्ध उठाव से केंद्रों में भीड़ कम होगी और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा सकेगा। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी  बसंत कोर्राम, जिला विपणन अधिकारी  सुनील सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *