बिलासपुर। मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में गरम रोटी देने की बात पर पति और सास ने मिलकर एक विवाहिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़िता चित्रा पंजवानी ने बताया कि बुधवार रात वह खाना बनाकर पति भरत पंजवानी के आने का इंतजार कर रही थी।
पति के घर आने के बाद उसने भोजन परोसा, लेकिन भरत गरम रोटी की मांग करते हुए गाली-गलौज करने लगा। जब चित्रा ने मना किया तो विवाद इतना बढ़ गया कि भरत ने पास रखा भारी-भरकम इलेक्ट्रिक आयरन उठाकर चित्रा पर दे मारा।
इससे उसके बाएं हाथ की कोहनी के नीचे गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने के बजाय सास सुनीता पंजवानी ने चित्रा के बाल पकड़ लिए और उसे थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद पति ने डंडे और चप्पल से चित्रा के पेट, सिर और पैरों पर कई वार किए। इसके बाद पीड़िता ने डायल 112 में कॉल कर घटना की जानकारी दी।
