रायपुर। गुरु घासीदास जयंती पर्व के दौरान शोभायात्रा में नाचने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस सनसनीखेज हत्या के मामले में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर 3 आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत 3 बालकों सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। यह संयुक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर और थाना पंडरी पुलिस द्वारा की गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 दिसंबर 2025 को गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा में दिनेश निषाद (18 वर्ष), निवासी मोवा तालाब पार, थाना पंडरी, रायपुर अपने साथियों के साथ नाचते हुए शामिल हुआ था। रात करीब 9:45 बजे बेस्ट च्वाइस मोवा के सामने शोभायात्रा में नाच रहे लोगों के बीच धक्का लगने को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान अंकित धुमाल के साथ नाच रहे कुछ युवकों से कहासुनी बढ़ गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
विवाद के दौरान आरोपी गगन टोडर, तोरण मारकण्डे, राहुल भारती एवं उनके अन्य साथियों ने जान से मारने की नीयत से अपने साथ लाए स्टील के पाइप, कड़ा और हाथ-मुक्कों से दिनेश निषाद और उसके साथियों पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से दिनेश निषाद के सीने और पीठ पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दिनेश को उसके साथी तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान 19 दिसंबर 2025 की सुबह उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 357/2025 के तहत धारा 103, 190 और 191 बी.एन.एस. में मामला दर्ज किया गया।
हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसे चुनौती के रूप में लिया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के साथियों और मौके पर मौजूद अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से विस्तृत पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई के परिणामस्वरूप 3 मुख्य आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत 3 बालकों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 1 धारदार हथियार, 3 नग स्टील पाइप और 1 कड़ा जब्त किया गया है। सभी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। Also Read – बाबा गुरु घासीदास का संदेश मानवता के लिए पथ-प्रदर्शक: CM साय गिरफ्तार आरोपियों में राहुल भारती (22 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती सतनामी मोहल्ला, मोवा। गगन टोडर (18 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती सतनामी पारा, मोवा। तोरण कुमार मारकण्डे (20 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती सतनामी पारा, मोवा। शामिल हैं, जबकि 3 आरोपी विधि के साथ संघर्षरत बालक हैं, जिनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी पतासाजी की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के दौरान शांति और संयम बनाए रखें। छोटी-छोटी बातों पर हिंसा न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे कई परिवारों की जिंदगी उजड़ जाती है। पुलिस का कहना है कि ऐसे गंभीर अपराधों पर भविष्य में भी सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
