रायगढ़। “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर क्षेत्र में चोरी के एक गंभीर मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी निलेश साहू ने अपनी लिव-इन पार्टनर नेहा साहू एवं सहयोगी आशीष महंत के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

प्रकरण में पूर्व में चक्रधरनगर पुलिस द्वारा आरोपिया नेहा साहू और आशीष महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था, जबकि आरोपी निलेश साहू फरार चल रहा था, जिसे कल शाम गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले में प्रार्थिया प्रमिला शर्मा (58 वर्ष), निवासी गुलमोहर कॉलोनी, द्वारा थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि अनकूट पूजा के दौरान घर के आभूषण आलमारी में रखने के बाद 02.11.2025 को देखने पर नगदी एवं सोने के जेवर गायब मिले। रिपोर्ट पर *अपराध क्रमांक 494/2025 धारा 331(4), 305 (क), 3 (5) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर घरेलू काम करने वाली नेहा साहू की पतासाजी की गई, जो घटना के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गई थी।

पुलिस ने उसे दिनांक 18.01.2026 को दिनदयालपुरम स्थित किराए के मकान से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपिया ने खुलासा किया कि उसने प्रार्थिया को चाय में नशीली दवा मिलाकर बेहोश किया और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी चोरी कर अपने साथी निलेश साहू को दे दी। चोरी का सामान बाद में आशीष महंत के साथ मिलकर खपाया गया तथा उससे प्राप्त रकम से घरेलू सामान, आलमारी एवं एलईडी टीवी खरीदी गई। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से उक्त सामान भी जब्त किया।

फरार आरोपी निलेश साहू की लगातार पतासाजी की जा रही थी, जिसे पुलिस टीम ने उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी के बाद कुछ जेवर बेच दिए गए थे, जबकि दो नग दस-दस ग्राम के सोने के सिक्के अपने घर में छिपाकर रखे थे।

आरोपी के मेमोरेंडम पर उक्त सोने के सिक्के, जिनकी कीमत लगभग ₹3.20 लाख है, बरामद कर जप्त किए गए। आरोपी निलेश साहू पिता राजेश साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी रेलवे बंगलापारा थाना कोतवाली, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *