गौरेला-पेंड्रा-मरवाही. जमीन को लेकर लंब समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने गुरुवार को खौफनाक मोड़ ले लिया. बड़े भाई ने सगे छोटे भाई की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी. इलाज के लिए उसे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जानकारी के मुताबिक, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की सीमा से सटे कोरबा जिले के पसान थाना इलाके के सेन्हा गांव का पूरा मामला है. बड़े भाई कल्याण और दयाराम के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. बीती शाम को फिर से बहस शुरू हो गई, विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने दयाराम को डंडे से पिटना शुरू कर दिया.
मारपीट के दौरान परिवार के लोगों ने बीच बचाव की कोशिश की लेकिन कल्याण नहीं माना. बेरहमी से पिटाई के कारण दयाराम की हालत गंभीर हो गई, इसे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार में मातम पसर गया है. एसआई अरविंद मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

