गौरेला पेंड्रा मरवाही, ज्ञान भारतम सर्वे में सहयोग करने के लिए कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने आम जनता से अपील किया है। उन्होंने कहा है कि जिले वासियों के साथ यह जानकारी साझा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने के उद्देश्य से ज्ञान भारतम् राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। जिसका प्रभावी क्रियान्वयन करने के लिए जिला स्तर पर टीम गठित की गई है। इसके लिए जिले भर में सर्वेयर की नियुक्ति ग्राम स्तर पर की गई है।
कलेक्टर ने कहा है कि एक ऐसा अवसर हमारे सामने आया है, जिसके माध्यम से हम हमारे गांव और क्षेत्र के ऐतिहासिक पांडुलिपियों को इस सर्वेक्षण में शामिल कर अपने क्षेत्र के ऐतिहासिक दस्तावेज को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला सकते हैं। आप सभी से बस इतना आग्रह है कि आप जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त सर्वेयर की सहायता करते हुए आपके घर, मोहल्ले, गांव में रखी पुरानी पांडुलिपियों को सर्वेयर को उपलब्ध कराकर एप में अपलोड करवाएं ताकि आपके उस दस्तावेज के माध्यम से आपका स्थान आपका क्षेत्र राष्ट्रीय पहचान प्राप्त कर पाएगा।
हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपकी पांडुलिपि के स्वामित्व का अधिकार आपका ही होगा। आपकी पांडुलिपि आपके पास ही सुरक्षित रहेगी। पांडुलिपियों को स्कैन कर अपलोड करने का कार्य उसके भौतिक स्थान से ही होगा।
आइए इस अवसर का लाभ लेकर भारतीय ज्ञान परंपरा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में अपना योगदान देते हुए अपने क्षेत्र के ऐतिहासिक सांस्कृतिक दस्तावेजों को संरक्षित कर उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाने में हमारे सर्वेयर की सहायता करते हुए अपनी सहभागिता दें।
