भिलाई। दुर्ग में सड़क हादसों को रोकने और शहर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पिछले 70 दिन में यातायात पुलिस ने 626 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है। यातायात पुलिस के मुताबिक, जनवरी से अब तक शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर रोज शाम से देर रात तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इस दौरान पुलिस ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच कर रही है। जांच में चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के वाहन भी जब्त किए जा रहे हैं। इसके बाद प्रकरण को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। न्यायालय की ओर से ऐसे मामलों में चालकों पर 10 हजार रुपए से ज्यादा का जुर्माना लगाया जा रहा है।

आंकड़ों के मुताबिक जनवरी महीने में 198 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके बाद फरवरी में यह संख्या बढ़कर 288 तक पहुंच गई। वहीं मार्च महीने में अब तक 140 चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इस तरह पिछले 70 दिनों में कुल 626 वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *