दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समोदा में काम को लेकर हुए मामूली विवाद में एक मजदूर की मौत हो गई। 27 मार्च को हुए हमले में गंभीर रूप से घायल मजदूर गोविंद यादव ने 6 दिन बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

ग्राम समोदा में काम के दौरान 55 वर्षीय मजदूर गोविंद यादव ने अपने सहकर्मी परमेश्वर यादव को टोकते हुए कहा था कि “साइड हटकर रहो, तुम्हारे ऊपर बोरी गिर सकती है।” इस मामूली बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो बढ़ गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी परमेश्वर यादव ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से गोविंद यादव पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गोविंद यादव को तत्काल शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी था।

लगभग 6 दिनों तक वे जिंदगी के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन अंततः उनकी मौत हो गई। मृतक गोविंद यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और तीन बेटे हैं। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *