दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेल रहे लोगों पर बड़ी कार्रवाई की है। पंचशील नगर मोहलाई के पास एक खेत में चल रहे जुआ फड़ पर छापा मारकर 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन और जुआ खेलने का सामान मिलाकर कुल 2 लाख 97 हजार रुपये जब्त किए हैं।
पुलिस को जानकारी मिली की सोमवार को पंचशील नगर मोहलाई के बीच स्थित खेत में कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेलते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 52 पत्ती ताश की 3 गड्डियां, प्लास्टिक की ताल पतरी, एक कम्बल और दो चादर बरामद हुई हैं। इसके अलावा 18 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं, मौके से 1 लाख 53 हजार रुपये नकद भी मिले हैं।
इस तरह कुल जब्ती करीब 2 लाख 97 हजार रुपये की हुई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मोहम्मद फहीम, बल्लू वर्मा, किशन साहू, पंकज सोनी, नितेश जैन, सुरेश गुप्ता, शंकर लाल चौधरी, मोहित सिन्हा, ललित भट्ट, खिलेश्वर निषाद, बसंत कुमार सोनी, राकेश मंडल और मनोज राजपूत शामिल हैं। ये सभी दुर्ग और आसपास के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
