दुर्ग। घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई सुचारू रखने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। बुधवार को जिला खाद्य विभाग की टीम ने ग्राम पंचायत रसमडा स्थित बोरई इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में पापुशा गैसेस प्राइवेट लिमिटेड पर अचानक छापा मारा। जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद 599 गैस सिलेंडर और 2841 किलो एलपीजी जब्त किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि यहां कॉन्फिडेंस पेट्रोलियम इंडिया लिमिटेड के जरिए ‘गो गैस’ और ‘गैस प्वाइंट’ नाम से सिलेंडर सप्लाई हो रही थी।

यह सप्लाई डीलरों के माध्यम से सीधे ग्राहकों तक पहुंच रही थी। अधिकारियों के अनुसार यह काम सार्वजनिक वितरण प्रणाली से अलग समानांतर रूप में चल रहा था, जो नियमों के खिलाफ है। टीम को मौके पर कुल 599 गैस सिलेंडर मिले। साथ ही गैस भरने के लिए तीन बड़े टैंक (बुलेट) भी पाए गए, जिनमें करीब 2841 किलो एलपीजी स्टोर था। जांच के दौरान फैक्ट्री में सिलेंडरों की पेंटिंग की जा रही थी, उन पर वजन और एक्सपायरी से जुड़ी जानकारी दर्ज की जा रही थी। अधिकारियों ने संबंधित कागजात मांगे तो कंपनी कोई जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। कंपनी के स्टॉक रजिस्टर और मौके पर मौजूद सिलेंडरों की संख्या में अंतर भी पाया गया। इससे रिकॉर्ड संधारण में गंभीर लापरवाही स्पष्ट हुई।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *