एमसीबी/ धान खरीदी विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में किसानों से उपार्जित धान के उठाव कार्य को तेज गति से अंजाम दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के समन्वित प्रयासों और स्पष्ट कार्ययोजना के चलते उपार्जन केंद्रों से धान का सुरक्षित एवं समयबद्ध परिवहन लगातार जारी है, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

अब तक जिले में 7.45 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इसमें से 1 लाख 52 हजार क्विंटल से ज्यादा धान का उठाव पूर्ण कर लिया गया है, जो कुल उपार्जन का लगभग 20.48 प्रतिशत से अधिक है। वर्तमान में उपार्जन केंद्रों में करीब 5 लाख 92 हजार 929 क्विंटल धान भंडारित है, जिसके शीघ्र उठाव हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली गई हैं।


कछौड़, केल्हारी, कटकोना, कोड़ा, कौड़ीमार, खड़गवां, बरदर, चैनपुर, रतनपुर, कुँवारपुर, घुटरा, कठौतिया, नागपुर, बंजी, जनकपुर, डोडकी, बरबसपुर एवं माड़ीसरई जैसे कई उपार्जन केंद्रों से हजारों क्विंटल धान का परिवहन सफलतापूर्वक किया जा चुका है। वहीं कमर्जी, कोटाडोल, रापा, सिंगहत, कंजिया, बहरासी तथा सिंगरौली केंद्रों में फिलहाल उठाव प्रारंभ नहीं हुआ है, परंतु इन स्थानों पर परिवहन एवं भंडारण से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


धान उठाव की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा निरंतर समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक केंद्र की स्थिति पर नियमित निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शेष धान का उठाव भी सुरक्षित, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से समय पर पूरा हो। समग्र रूप से देखा जाए तो जिले में धान उठाव की वर्तमान व्यवस्था एक संगठित, व्यवस्थित और किसान-हितैषी प्रणाली के रूप में सामने आ रही है, जिससे खरीदी अभियान को मजबूती मिल रही है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *