धमतरी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर आयोजित धान बोनस राशि वितरण समारोह में प्रदेश के किसानों को खरीफ वर्ष 2014-15 और 2015-16 के धान  की बकाया राशि का अंतरण प्रदेश के किसानों के खाते में किया। धान बोनस की राशि खाते में आने से लाभान्वित होने वाले जिले के किसानों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। दो वर्षो का देय धान बोनस पाने वाले जिले के कुरूद विकासखंड स्थित अछोटी के प्रगतिशील किसान वासुदेव चंद्राकर ने बताया कि उनके पास पैतृक संपत्ति के रूप में लगभग 142 एकड़ खेत है, जिसमें से 85 एकड़ में लगायी गयी धान फसल की यह बोनस राशि है। उन्होंने बताया कि धान बोनस राशि वितरण समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जैसे ही बटन दबाया उनके खाते में 7 लाख 34 हजार 640 रूपये आ गये। चंद्राकर ने बताया कि यह बोनस राशि उन्हें वित्तीय वर्ष 2014-15 और 2015-16 की बकाया राशि का है। वित्तीय वर्ष 2014-15 में उन्हें 3 लाख 67 हजार 320 रूपये और वित्तीय वर्ष 2015-16 में भी 3 लाख 67 हजार 320 रूपये बोनस के रूप में प्राप्त हुए है।  इन पैसों का उपयोग वह खेतों की फेन्सिंग, ट्रैक्टर खरीदने, खेतों की मरम्मत करने और अन्य ज़रूरतों को पूरा करने में उपयोग करेगा।  उन्होंने कहा कि बकाया बोनस राशि मिलने से किसानों को लाभ मिलेगा और वे इसका उपयोग खेती किसानी के लिए आधुनिक यंत्रों को  क्रय करने में कर सकेंगे। चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी के फैसले भी सराहनीय है, इस फैसले से प्रदेश के सभी किसानों को अपनी फसल बेचने में राहत मिलेगी। सोसायटी में धान बेचने के बाद शेष फसल को अन्य जगहों पर बेचने से नुकसान होता था, मुख्यमंत्री द्वारा लिये गये इस निर्णय से प्रदेश के किसानों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने माटीपुत्रों के लिए सकारात्मक फैसले लेने के लिए प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री साय और देश के प्रधानमंत्री मोदी को साधुवाद दिया है।

By kgnews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *