राजनांदगांव मनगटा जंगल में स्थित वन चेतना केन्द्र में रोज बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही होती है पर पर्यटकों को मुढ़ीपार-मनगटा रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन के गुजरते तक देर तक इंतजार करना पड़ता है। इस वजह से क्रॉसिंग पर भीड़ लग जाती है पर अब पर्यटकों की यह समस्या दूर हो जाएगी। रेलवे की ओर से क्रॉसिंग के ठीक बाजू में लगभग 17 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इस ब्रिज के बनने से पर्यटक ही नहीं बल्कि मनगटा, मुढ़ीपार, खुरसुल, झूराडबरी के ग्रामीण बिना कोई बाधा के आसानी से आवाजाही कर सकेंगे।
मनगटा स्थित वन चेतना केन्द्र सहित आसपास में विकसित हुए पिकनिक स्पॉट और निजी रिसॉर्ट की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने क्रॉसिंग के ठीक बाजू में ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव तैयार किया, जिसे मंजूरी मिल गई और यहां काम भी शुरू हो गया है। क्रॉसिंग के ठीक बाजू से कंस्ट्रक्शन चल रहा है। रेलवे के अफसरों ने बताया कि मुढ़ीपार टर्निंग से लेकर मनगटा की ओर बंद पड़े खदान तक ब्रिज बना रहे हैं। सड़क की चौड़ाई लगभग 25 फीट तक होगी। दो वाहन आसानी से आवाजाही कर सकेंगे। ब्रिज का निर्माण छह माह से चल रहा है। अप्रैल 2024 तक वर्क पूरा करने का टारगेट लेकर चल रहे हैं।
रेलवे के कंट्रक्शन डिपार्टमेंट के अफसर एके मौर्य ने बताया कि ब्रिज बनने के बाद क्रॉसिंग को बंद कर दिया जाएगा। अप्रैल माह तक काम पूरा करने का लक्ष्य है।
हैवी वाहनों की भी होती है आवाजाही
मुढ़ीपार के आसपास चूना पत्थर सहित अन्य खदान भी संचालित हैं। रोज इन खदानों से खनिज लेकर भारी वाहन निकलते हैं। इन वाहनों को क्रॉसिंग पर देर तक रुके रहना पड़ता है। इससे वाहन चालकों को नुकसान होता है। ब्रिज बन जाने से बिना कोई परेशानी के हैवी वाहन आसानी से रास्ता पार करेंगे। ग्रामीणों की ओर से अंडरब्रिज या फिर ओवरब्रिज को लेकर मांग की जा रही थी।
चौथी लाइन में लगातार दौड़ेंगी ट्रेनें
रेलवे ने चौथी लाइन में बढ़ने वाले ट्रैफिक को देखते हुए भी यहां ओवर ब्रिज का निर्माण शुरू कराया है। रेलवे के अफसरों ने बताया कि चौथी लाइन बिछ गई है। इस रूट में ट्रेनों की आवाजाही लगातार होगी। इस वजह से भी क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज या फिर अंडरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। चौथी लाइन होने से किसी भी लाइन में ट्रेनों की आवाजाही होती रहेगी।
पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही
वन चेतना केन्द्र सहित आसपास के रिसॉर्ट में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ रही है। अवकाश के दिनों में यहां भीड़ लगी रहती है पर क्रॉसिंग में सबको फंसना पड़ता है। ट्रेन के गुजरने तक देर तक इंतजार करना पड़ता है। इससे पर्यटक परेशान होते हैं। दुर्ग-भिलाई और रायपुर के ज्यादातर पर्यटक सोमनी होते हुए ही मनगटा जाते हैं।
